लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर के तहत पक्का पुल से डालीगंज तक बना शहर का सबसे ऊंचा फ्लाईओवर दीपावली से पहले चालू होगा।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत लगातार शहर के अलग-अलग हिस्सों में लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की ओर से फ्लाईओवर का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसी परियोजना के तहत निर्मित शहर का सबसे ऊंचा फ्लाईओवर इस बार दीपावली से पहले आम लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। इस 2-लेन वाले फ्लाईओवर के शुरू होने के बाद डालीगंज से पक्का पुल के बीच की दूरी महज 2 मिनट में पूरी की जा सकेगी।

LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को सीनियर अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और शेष बचे कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार, इस नए रूट के चालू होने से पक्का पुल से सीधे समतामूलक चौराहे तक निर्बाध यातायात बहाल होगा, जिससे पुराने लखनऊ की घनी आबादी वाले इलाकों में रहने वाले करीब 10 लाख नागरिकों को रोजाना लगने वाले भीषण जाम से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी।